विश्व का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान 17 सितंबर को

अहमदाबाद। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयूप) अपने 61वें स्थापना दिवस पर 17 सितंबर को विश्व का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान आयोजित करेगा। इस दिन देश-विदेश के 75 देशों में 7,500 से अधिक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में विश्व का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर आयोजित होगा, जिसमें 50,000 से अधिक रक्तदाता भाग लेंगे। इस अभियान को सफल बनाने के लिए 50,000 से अधिक युवा कार्यकर्ता सक्रिय हैं। अभियान के अंतर्गत देशभर में एक साथ साइक्लोथोन और वाहन रैलियां भी निकाली जाएंगी। केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया इसकी कमान संभाल रहे हैं।
अभातेयूप विज्ञप्ति के अनुसार इस अभियान के माध्यम से रक्तदान, नेत्रदान और नशा मुक्ति के संकल्प का संदेश दिया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश डागा और राष्ट्रीय प्रभारी हितेश भंडिया ने बताया कि इस दिन 4,000 रक्त बैंक, 5,000 डॉक्टर, 25,000 टेक्नीशियन और 1,00,000 स्वयंसेवक सेवा कार्य में जुड़े रहेंगे। राष्ट्रीय महामंत्री अमित नाहटा और एमबीडीबी (MBDD) के राष्ट्रीय सह प्रभारी सौरभ पटावरी ने इसे मानवता का महायज्ञ बताते हुए कहा कि साधु-संतों, धर्माचार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और धर्मगुरुओं सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अभियान का समर्थन किया है।
इस अभियान को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, रेल मंत्रालय और खेल मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है। स्वास्थ्य सचिव सलिला श्रीवास्तव ने सभी राज्यों को भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पत्र भी भेजा है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और पीयूष गोयल समेत अनेक नेता अभियान को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को रक्तदान, नेत्रदान और नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जोधपुर में भी आयोजित होंगे कार्यक्रम
जोधपुर में 14 सितंबर को एक विशाल रैली का आयोजन होगा। तेयूप सरदारपुरा अध्यक्ष मनसुख संचेती और संयोजक धीरज बैंगानी ने बताया कि रक्तदान, नेत्रदान और नशामुक्ति की जागरूकता के लिए यह रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें सामाजिक संस्थाओं के साथ प्रशासनिक विभागों की उपस्थिति का प्रयास भी किया जा रहा है। परिषद मंत्री देवीचंद तातेड़ ने बताया कि 17 सितंबर को जोधपुर का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर महावीर कॉम्प्लेक्स सरदारपुरा में आयोजित होगा, जिसमें अनेक महान हस्तियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है




