Uncategorized

सूरत को स्वच्छता सर्वेक्षण के बाद अब स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

देश के शीर्ष-3 शहरों में स्थान, गुजरात से एकमात्र चयनित शहर : आज दिल्ली में होगा एवार्ड समारोह

सूरत। स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में सबसे स्वच्छ शहर का दर्जा और स्वच्छता सर्वेक्षण लीग में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद अब सूरत महानगरपालिका ने पर्यावरण क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सूरत शहर देश के शीर्ष-3 शहरों में शामिल हुआ है। इस उपलब्धि के लिए आज दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के एवार्ड समारोह में मेयर दक्षेश मावाणी और नगर आयुक्त शालिनी अग्रवाल सूरत शहर की ओर से एवार्ड ग्रहण करेंगे।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा आयोजित नेशनल क्लीन एयर एक्शन प्लान के अंतर्गत देशभर के 132 शहरों ने भाग लिया था, जिसमें गुजरात से केवल सूरत शहर अंतिम चरण तक पहुंचा और शीर्ष-3 में स्थान पाया।

महानगरपालिका ने भारत सरकार और गुजरात सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप कई महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया। इसमें ठोस कचरा प्रबंधन, निर्माण और ध्वस्तीकरण से उत्पन्न कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, अक्षय ऊर्जा का उपयोग, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और उसका इन्फ्रास्ट्रक्चर, वृक्षारोपण, स्वच्छ ईंधन, औद्योगिक उत्सर्जन नियंत्रण और यातायात में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा जैसे कदम शामिल रहे। शहर में धूलकणों को रोकने के लिए नियमित सफाई अभियान चलाए गए और बड़े प्रोजेक्ट्स में ‘क्लीन कंस्ट्रक्शन गाइडलाइन’ लागू की गई।

इन प्रयासों से वर्ष 2023-24 में सूरत में PM10 कणों में 12.71% की कमी दर्ज की गई। वर्ष 2023 के सर्वेक्षण में सूरत 13वें स्थान पर रहा था, लेकिन उसके बाद किए गए सुधारों और आइकोनिक प्रोजेक्ट्स के चलते पिछले वर्ष सूरत ने 200 में से 194 अंक प्राप्त कर पहला स्थान पाया। इस वर्ष सूरत के शीर्ष-3 में आने की पुष्टि हुई है, जबकि अंतिम रैंक की घोषणा एवार्ड समारोह में होगी।

शहरों के मूल्यांकन के प्रमुख मानदंड रहे:

ठोस कचरे का प्रबंधन

सड़कों पर उड़ने वाली धूल में कमी

निर्माण एवं ध्वस्तीकरण से उत्पन्न धूल नियंत्रण

वाहनों के उत्सर्जन में कमी

औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण

जनजागृति कार्यक्रम

वायु गुणवत्ता में ठोस सुधार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button