विमान दुर्घटना-सूरत के शाह दम्पति के शव परिजनों को सौंपे गए, गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
डीएनए मिलान के बाद पार्थिव शरीर सूरत लाए गए, प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था

सूरत। अहमदाबाद में हुई एयर इंडिया विमान दुर्घटना में दुखद रूप से जान गंवाने वाले सूरत के शाह दम्पति, डॉ. हितेश शाह और डॉ. अमिता शाह, के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
डीएनए नमूनों के मिलान के बाद, सोमवार शाम को उनके पार्थिव शरीर सूरत के रांदेर रोड, ताडवाडी क्षेत्र स्थित सुजाता सोसायटी स्थित उनके निवास स्थान पर लाए गए। इस दुखद अवसर पर बड़ी संख्या में संबंधी और शहरवासी उपस्थित थे, जिन्होंने नम आंखों से दम्पति को अंतिम विदाई दी, जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए श्मशानगृह ले जाया गया।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा की गई विशेष व्यवस्था के तहत, नामित अधिकारी मृतकों के परिजनों के साथ शव लेने अहमदाबाद गए थे। प्रत्येक शव को लाने के लिए एंबुलेंस, पुलिस वाहन और मृतकों के परिजनों के लिए अलग से वाहन की व्यवस्था की गई थी, ताकि यह प्रक्रिया सुचारू और सम्मानजनक ढंग से संपन्न हो सके।
डॉ. अमिता शाह और डॉ. हितेश शाह के डीएनए नमूनों के मिलान के बाद, उनके शवों को अहमदाबाद सिविल अस्पताल से एंबुलेंस के जरिए शाम पांच बजे सूरत स्थित उनके निवास स्थान पर लाया गया। डीएनए सैंपल मैच होने से लेकर अंतिम संस्कार तक, जिला प्रशासन और राज्य सरकार के अधिकारी मृतकों के परिजनों के साथ संवेदना और सहयोग के साथ खड़े रहे।
जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और परिजनों ने मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत, जहांगीरपुरा कुरुक्षेत्र श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
डॉ. हितेश शाह के दोनों बेटे लंदन में बस गए हैं। आमतौर पर जब भी उन्हें लंदन जाना होता था, डॉ. हितेश शाह मुंबई से फ्लाइट पकड़ते थे, लेकिन इस बार वक्त ने उन्हें अहमदाबाद ला दिया। डॉ. हितेश शाह के करीबी लोगों ने बताया कि यह डॉक्टर दंपत्ति मुंबई से लंदन की फ्लाइट पकड़ता था, लेकिन इस बार अहमदाबाद से लंदन की फ्लाइट पकड़ी तो हादसे का शिकार हो गए।