businessअहमदबादगुजरातसूरत सिटी

भारत सरकार ने MMF टेक्सटाइल्स के प्रमुख कच्चे माल से QCO आदेश हटाया, सूरत सहित देशभर के उद्योगों को बड़ी राहत

सूरत।दि सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि भारत सरकार के केमिकल मंत्रालय ने जुलाई 2023 से MMF (मैनमेड फाइबर) टेक्सटाइल्स के प्रमुख कच्चे माल PTA और MEG पर QCO आदेश लागू किया था। इसके बाद अक्टूबर 2023 से पॉलिएस्टर यार्न—FDY, POY, IDY और PSF—पर भी QCO अनिवार्य कर दिया गया था। इस आदेश के तहत केवल वही कंपनियां भारत में इन उत्पादों को बेच सकती थीं, जिनके पास BIS का प्रमाणन हो। इसके चलते इन कच्चे माल की आयात लगभग बंद हो गई थी और उद्योगों में स्पेशियलिटी यार्न की भारी कमी देखने मिली। खासकर लाइफस्टाइल फेब्रिक का उत्पादन काफी घट गया था।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए दि साउदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, FIASWI, FOGWA, CITI (नई दिल्ली), CII सहित देशभर के विभिन्न टेक्सटाइल संगठनों ने केंद्र सरकार से लगातार प्रतिनिधित्व किया। केमिकल मंत्रालय, टेक्सटाइल मंत्रालय, MSME मंत्रालय और नीति आयोग में कई दौर की बैठकों में इस मुद्दे को मजबूती से उठाया गया।

इसी क्रम में 12 नवंबर 2025 को भारत सरकार ने MMF टेक्सटाइल्स के सभी प्रमुख कच्चे माल—MEG, PTA, POY, FDY, IDY और PSF—पर से QCO आदेश पूरी तरह हटा दिया है। इस निर्णय से भारत में तैयार होने वाले टेक्सटाइल उत्पादों की लागत में कमी आएगी और निर्यात-उन्मुख उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। अब देश के उद्यमी दुनिया के किसी भी हिस्से से MMF कच्चा माल आयात कर सकेंगे और यहां उच्च गुणवत्ता वाले फिनिश्ड गुड्स तैयार कर पाएंगे।

गौरतलब है कि भारत में बनने वाले कुल MMF टेक्सटाइल्स में से 60 प्रतिशत उत्पादन अकेले सूरत में होता है। ऐसे में QCO आदेश हटना सूरत के उद्योग जगत के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है। इस निर्णय पर चैंबर और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री निखिल मद्रासी के नेतृत्व में उपाध्यक्ष और FOGWA के अध्यक्ष श्री अशोक जीरावाला, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष श्री विजय मवावाला, मानद मंत्री श्री बृजल जरीवाला, मानद कोषाध्यक्ष CA मितीष मोदी, FIASWI के चेयरमैन और चैंबर के पूर्व अध्यक्ष श्री भरतभाई गांधी, चैंबर की टेक्सटाइल टास्क फोर्स के चेयरमैन श्री आशीष गुजराती तथा नीटिंग कमेटी के एडवाइज़र श्री बृजेश गोंडलिया ने नई दिल्ली में लगातार प्रस्तुतियाँ देकर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

लगातार प्रयासों के फलस्वरूप केंद्र सरकार ने अंततः MMF टेक्सटाइल्स के प्रमुख कच्चे माल पर से QCO आदेश वापस ले लिया है, जिससे देशभर के उद्योगों में उत्साह का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button