भारत भारती का चतुर्थ राष्ट्रीय अधिवेशन 20-22 जून को एकता नगर(केवड़िया) में

– राष्ट्र निर्माण और संवादिता को समर्पित आयोजन
350 से अधिक कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रशिक्षण, डॉ. कृष्ण गोपाल जी और किशोर मकवाणा होंगे प्रमुख अतिथि
एकता नगर (केवडिया)। “एक भारत श्रेष्ठ भारत” और “राष्ट्र निर्माण” की भावना को समर्पित संगठन भारत भारती का चतुर्थ राष्ट्रीय अधिवेशन 20, 21 और 22 जून 2025 को एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए 350 से 400 कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, उद्देश्य और कार्यपद्धति को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे, जबकि समापन सत्र में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री किशोरभाई मकवाणा मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। साथ ही गुजरात सरकार के पर्यटन मंत्री श्री मुलुभाई वेड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भारत भारती “राष्ट्र की विविधता में एकता” के भाव को साकार करते हुए कार्य कर रही है। संगठन का प्रयास है कि एक ही नगर या क्षेत्र में रहने वाले विभिन्न राज्यों और भाषाओं के लोग एक मंच पर आएं, आपसी संवादिता को बढ़ावा मिले और प्रादेशिकता की संकीर्ण सोच को समाप्त कर राष्ट्रीय एकात्मता की भावना सशक्त हो। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए यह अधिवेशन संवाद, विचार और समर्पण का सशक्त मंच बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में भारत भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनयभाई पत्राले, अधिवेशन मार्गदर्शक दत्ताभाई सालुंके,प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र पाटिल, वडोदरा अध्यक्ष ए.के. मिश्रा,महासचिव श्रीमती जागृति काला, कोषाध्यक्ष प्रदीपसिंह चौहान, उपाध्यक्ष ए.के. तिवारी, सुरेश पालामेल,माधुरी घोष,पूनम बुचके, चंद्रप्रकाश पांडे, राकेश शुक्ला, राजकुमार सिंह,शोभनभाई व्यास सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
अधिवेशन की संपूर्ण जानकारी वडोदरा अध्यक्ष ए.के. मिश्रा द्वारा साझा की गई। यह आयोजन न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को समर्पित एक प्रेरणादायी पहल भी है।