
ग्लासगो (स्कॉटलैंड)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के अवसर पर स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के आगमन पर प्रवासी भारतीय समुदाय और स्थानीय गुजराती परिवारों ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर ग्लासगो में कार्यरत डॉ. सैयम ब्रह्मभट्ट ने उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी तथा उनके परिवार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान डॉ. सैयम ब्रह्मभट्ट और उनके परिवार ने उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी एवं उनके परिवार के साथ आत्मीय मुलाकात की। हर्ष संघवी ने अपने सहज, सरल और विनम्र व्यक्तित्व से उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने भारत और विशेष रूप से गुजरात में खेलों के विकास तथा युवा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपने सकारात्मक विचार साझा किए और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. सैयम ब्रह्मभट्ट ने इस अवसर को अपने परिवार के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताते हुए कहा कि ग्लासगो में गुजरात के उपमुख्यमंत्री का स्वागत करना उनके लिए अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात से विदेश में रह रहे गुजरातियों के बीच नया उत्साह और अपनापन महसूस हुआ है।
स्थानीय भारतीय समुदाय और गुजराती परिवारों ने उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी एवं उनके परिवार की स्कॉटलैंड यात्रा के सफल और सुखद रहने की शुभकामनाएं देते हुए गुजरात के सर्वांगीण विकास तथा भारतीय खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की।



