
सूरत। सूरत टेक्सटाइल मार्केट (एसटीएम) में हाल ही में हुए चुनाव में प्रगति पैनल ने एकता पैनल को पराजित कर वर्षों बाद सत्ता परिवर्तन का इतिहास रच दिया। चुनाव के बाद सर्वसम्मति से गठित नई प्रबंधन समिति ने बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया।
नई समिति में पारसमल भंवरलाल चौधरी को चेयरमैन नियुक्त किया गया है। ललितकुमार मोहनलाल जैन अध्यक्ष, हरेंद्रकुमार हरिराम साहनी (डम्पी) एवं हितेश मोहनलाल दोशी उपाध्यक्ष, विकास राजकुमार गुप्ता सचिव, रंगनाथ घनश्यामदास सारड़ा संयुक्त सचिव, मनीष कांतीलाल जैन कोषाध्यक्ष तथा हरिश्चंद्र कजोड़ीमल जैन सह-कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे बाजार के व्यापारियों के हितों की रक्षा, पारदर्शी प्रशासन, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने बाजार के सर्वांगीण विकास और सभी व्यापारियों को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प भी दोहराया। 
उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में प्रगति पैनल ने एकता पैनल को पराजित कर सूरत टेक्सटाइल मार्केट की सत्ता अपने हाथों में ली। वर्षों बाद हुए इस सत्ता परिवर्तन को बाजार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है और व्यापारियों को नई समिति से अनेक सकारात्मक अपेक्षाएँ हैं।



