
सूरत। कपड़ा उद्योग से जुड़े व्यापारियों के लिए अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कदम रखना आसान होने जा रहा है। वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी (VNSGU) ने पहली बार टेक्सटाइल एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट और लीडरशिप मैनेजमेंट पर आधारित 80 घंटे का प्रायोगिक कोर्स शुरू करने की पहल की है। यह कोर्स 18 मई 2026 से प्रारम्भ होगा।
कपड़ा व्यापारी एवं समाजसेवी अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि आज सूरत का कपड़ा बाजार कठिन दौर से गुजर रहा है। अनेक व्यापारी एक्सपोर्ट करना चाहते हैं, लेकिन सही जानकारी और मार्गदर्शन के अभाव में आगे बढ़ने से डरते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए VNSGU का स्किल डिपार्टमेंट यह विशेष कोर्स लेकर आया है, जिससे व्यापारियों और युवाओं को एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट की सम्पूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि सूरत में सस्ता, सुंदर और टिकाऊ कपड़ा तैयार करने की क्षमता है। यदि व्यापारियों को सही दिशा और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिले तो सूरत का व्यापार अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान बना सकता है।
इस कोर्स में एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट व्यवसाय की शुरुआत, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंच, विदेशी व्यापार नीति, शिपिंग, प्राइसिंग, इन्कोटर्म्स, डॉक्यूमेंटेशन, कस्टम प्रक्रिया, एलसी, सुरक्षित भुगतान और जोखिम प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।
कोर्स की खास बात यह है कि इसमें किसी डिग्री की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। व्यापार से जुड़े लोग, विद्यार्थी और नए उद्यमी सभी इसमें भाग ले सकते हैं। साथ ही प्रशिक्षण उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में दिया जाएगा।
अनिल कुमार अग्रवाल ने व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में इस कोर्स से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य एक्सपोर्ट का है और अब समय आ गया है कि सूरत का व्यापार विश्व बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाए।
कोर्स से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति VNSGU स्किल डिपार्टमेंट से संपर्क कर सकते हैं।



