businessTextileसूरत सिटी

मिलेनियम मार्केट-1 में चौथी मंजिल पर फिर लगी आग, लाखों का नुकसान

वायर ओवरहीटिंग से साड़ी की दुकान में भड़की आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

सूरत। रिंग रोड स्थित मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-1 में सोमवार रात एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आग मार्केट की चौथी मंजिल पर स्थित ‘मध्यम फैशन’ नामक साड़ी की दुकान में लगी थी।
फायर विभाग के अनुसार, दुकान के मचान (मालिये) में वायर ओवरहीटिंग के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया। घटना के दौरान दुकान और आसपास मौजूद लोग तुरंत बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगते ही मार्केट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वहां मौजूद लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन स्टेशनों से सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
फायर कर्मियों ने लगातार दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान साड़ी का स्टॉक, कपड़ा सामग्री, फर्नीचर, वायरिंग, पंखे, लाइट और पीओपी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, समय रहते कार्रवाई से काफी माल सुरक्षित भी बचा लिया गया।सौभाग्यवश इस घटना में किसी के घायल होने या जानहानि की खबर नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button