सूरत मेट्रो के 8.5 किमी रूट पर ट्रायल रन शुरू
ड्रीम सिटी से अलथान टेनामेंट स्टेशन तक पहली मेट्रो दौड़ाने की दिशा में अहम कदम

सूरत। सूरत शहर में मेट्रो ट्रेन चलाने का सपना अब साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन तथा राज्य सरकार की सतत मॉनिटरिंग के बीच सूरत मेट्रो परियोजना ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मेट्रो के प्रथम चरण के अंतर्गत ड्रीम सिटी से अलथान टेनामेंट स्टेशन के बीच 8.5 किलोमीटर लंबे वायडक्ट (एलिवेटेड ब्रिज) का कार्य पूर्ण होने के साथ ही इस रूट पर मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है।

सूचना ब्यूरो से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस 8.5 किमी लंबे खंड में वायडक्ट निर्माण के साथ मेट्रो ट्रैक बिछाने तथा ट्रैक्शन पावर सप्लाई के लिए थर्ड रेल प्रणाली का जटिल कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस रूट पर आने वाले कुल सात मेट्रो स्टेशनों के स्ट्रक्चर का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि वर्तमान में स्टेशन के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट और आंतरिक फिनिशिंग का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।तकनीकी दृष्टि से ट्रायल रन मेट्रो परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है। सुरक्षा एवं संचालन की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 500 घंटे का रनिंग टेस्ट किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन की गति, ब्रेकिंग सिस्टम, सिग्नलिंग, ट्रैक स्थिरता तथा अन्य तकनीकी मानकों की विस्तृत जांच की जाएगी। परीक्षण पूरा होने के बाद आरडीएसओ (Research Designs and Standards Organisation) तथा सीएमआरएस (Commissioner of Metro Railway Safety) द्वारा निरीक्षण एवं सुरक्षा स्वीकृति दी जाएगी। सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही मेट्रो सेवा आम जनता के लिए शुरू की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि सूरत मेट्रो परियोजना की शुरुआत 18 जनवरी 2021 को हुई थी। कुल 40.45 किलोमीटर लंबे दो कॉरिडोर पर चरणबद्ध रूप से मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें ड्रीम सिटी से सरथाना तक डायमंड कॉरिडोर तथा सारोली से भेंसाण तक टेक्सटाइल कॉरिडोर शामिल हैं।
ट्रायल रन के दौरान प्रारंभ में मेट्रो ट्रेन को 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से चलाया जा रहा है और धीरे-धीरे इसे डिजाइन स्पीड तक पहुंचाया जाएगा। परीक्षण के तहत ट्रेन में रेत से भरे बैग रखकर यात्रियों के भार का भी सिमुलेशन किया जा रहा है, ताकि भविष्य में सुरक्षित और सुचारू मेट्रो संचालन सुनिश्चित किया जा सके।



