
सूरत। द सदर्न गुजरात चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को समृद्धि, नानपुरा स्थित चेंबर भवन में ‘फ्रॉम बजट टू बुलियन – अंडरस्टैंडिंग कॉमोडिटी मार्केट ट्रेंड्स पोस्ट बजट 2026’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इस सत्र में बजट 2026 के बाद कॉमोडिटी मार्केट में संभावित बदलावों, खासकर बुलियन, धातुओं और अन्य कमोडिटीज के भाव रुझानों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध मार्केट एक्सपर्ट और डीआर चोकसी फिनसर्व प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर देवेन् चोकसी ने निवेशकों को कॉमोडिटी मार्केट की मौजूदा स्थिति और भविष्य के रुझानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बजट के बाद सोना-चांदी, धातु और ऊर्जा कमोडिटीज के संभावित भाव, वैश्विक अर्थव्यवस्था, ब्याज दरों, महंगाई और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के प्रभाव का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया।
चेंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने स्वागत भाषण में कहा कि बजट के बाद कॉमोडिटी मार्केट में होने वाली हलचल को समझकर सही निर्णय लेना उद्योगकारों, निवेशकों और व्यापारियों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियां, सरकारी नीतियां और बजट के फैसले सीधे तौर पर कमोडिटी बाजार को प्रभावित करते हैं, इसलिए ऐसे सेमिनार समय की जरूरत हैं।
देवेन् चोकसी ने निवेशकों को सलाह दी कि कॉमोडिटी मार्केट में निवेश करते समय लंबी अवधि की दृष्टि, जोखिम प्रबंधन और जानकारी आधारित निर्णय बेहद जरूरी हैं। उन्होंने बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच संतुलित रणनीति अपनाने पर जोर दिया।
सेमिनार में चेंबर के मानद कोषाध्यक्ष सीए मितिष मोदी, कमेटी सदस्य, निवेशक और वित्तीय क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन केपिटल एंड कमोडिटी मार्केट कमेटी के एडवाइजर केतन दलाल ने किया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने बाजार से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनके संतोषजनक जवाब विशेषज्ञ द्वारा दिए गए।




