
सूरत।सूरत उमरवाड़ा स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में आशापुरा फैशन नाम से दुकान चलाने वाले एक व्यापारी से आयकर की फाइल क्लियर कराने के नाम पर 2 से 4 लाख रुपये की मांग करने वाले फर्जी आयकर अधिकारी को वराछा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
वराछा पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोडादरा देवधगाम स्थित राधे कृष्णा बंगलोज में रहने वाले मूल रूप से राजस्थान के निवासी रामसिंह उर्फ रमेश चंदनसिंह चौहान सूरत ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नंबर ए/3021 में आशापुरा फैशन नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं। गत 31 जनवरी की शाम मोबाइल नंबर 8591049588 से आए व्हाट्सऐप कॉल पर विजय सिंह रावतसिंह चौहान (उम्र 51 वर्ष, निवासी राजघराना, पोस्ट बीजापुर, जिला पाली, राजस्थान) ने खुद को आयकर अधिकारी बताते हुए कहा कि उनकी फाइल क्लियरिंग के लिए उसके पास आई है। उसने 6 फरवरी की शाम ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट स्थित ब्लिस होटल में मिलने के लिए कहा।

तय समय पर होटल में मिलने पर विजय सिंह ने फाइल क्लियर कराने के लिए 2 से 4 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। इस पर व्यापारी को शंका हुई और उन्होंने अन्य परिचित व्यापारियों को बुलाकर उसका पहचान पत्र मांगा। उस दौरान आरोपी ने गोल सील लगा हुआ पोस्ट ऑफिस का कार्ड और आधार कार्ड दिखाया, जो संदिग्ध लगा।
मामले की जानकारी तुरंत वराछा पुलिस को दी गई। पुलिस इंस्पेक्टर आर.बी. गोजिया, पुलिस इंस्पेक्टर एच.बी. पटेल, पीएसआई ए.जी. परमार सहित पुलिस टीम ब्लिस होटल पहुंची और खुद को आयकर अधिकारी बताकर व्यापारी से पैसे मांगने वाले ठग विजय सिंह चौहान को पकड़ लिया।
वराछा पुलिस ने व्यापारी रामसिंह चौहान की शिकायत पर आरोपी विजय सिंह चौहान के खिलाफ बीएनएस की धारा 204 और 308(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



