businessक्राइमसूरत सिटी

योगीचौक के वसाणी दंपती द्वारा उधना के व्यापारी से 57 लाख की ठगी

 

किशन पटेल को पहले समय पर पेमेन्ट देकर लिया विश्वास में लेकर की धोखाधड़ी , पति विनुभाई वसाणी गिरफ्तार

सूरत। योगीचौक क्षेत्र में रहने वाले वसाणी दंपती द्वारा उधना के एक कपड़ा व्यापारी के साथ करीब 57.38 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति विनुभाई वसाणी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आगे की जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उधना दागीना नगर क्षेत्र में रहने वाले किशन देवराजभाई पटेल (उम्र 46 वर्ष) दिल्लीगेट स्थित बेल्जियम टावर की पहली मंजिल पर रुषि एंटरप्राइज के नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं। वर्ष 2021 में उनके पड़ोसी व्यापारी के माध्यम से उनकी पहचान रामदेवजी फैशन के संचालक विनुभाई वसाणी और उनकी पत्नी शारदाबेन वसाणी (निवासी सहजानंद हाइट्स, योगीचौक) से हुई थी।
शुरुआत में वसाणी दंपती ने नियमित रूप से कपड़े के माल का भुगतान समय पर कर व्यापारी का विश्वास जीता। इसके बाद 19 सितंबर 2024 से 3 अक्टूबर 2024 के बीच अलग-अलग 19 पक्के बिलों के माध्यम से करीब 57,38,676 रुपये का कपड़ा माल खरीदा और 45 दिनों में भुगतान करने का वादा किया। लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया गया।
जब व्यापारी किशन पटेल ने भुगतान की मांग की तो आरोपियों ने यह कहकर टालमटोल की कि उनके ग्राहकों से अभी पैसा नहीं आया है और जल्द भुगतान कर दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया और लगातार बहाने बनाते रहे। खुद को ठगा महसूस करने पर व्यापारी ने महिधरपुरा पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने वसाणी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति विनुभाई वसाणी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य पहलुओं की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button