वृद्धाश्रम में अग्रवाल समाज जागृति सेवा समिति द्वारा 16वीं बार भोजन सेवा

सूरत। अग्रवाल समाज जागृति सेवा समिति, अलथान-वेसु द्वारा सेवा कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026 को डिंडोली स्थित वृद्धाश्रम में 16वीं बार भोजन (प्रसाद) सेवा का आयोजन किया गया। यह सेवा स्वर्गीय श्री रामनिवास जी गोयल की पुण्यतिथि के अवसर पर यजमान श्रीमती ओमपति रामनिवास गोयल, प्रदीप गोयल एवं प्रमोद गोयल परिवार द्वारा कराई गई।
शाम 7:30 बजे आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने स्वयं अपने हाथों से बुजुर्गों को भोजन परोसा और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वृद्धाश्रम का वातावरण सेवा, स्नेह और आत्मीयता से भर गया।
कार्यक्रम में समिति के राकेश बजाजवाला, संजय अग्रवाल, सीताराम बेरीवाला, कपिल गर्ग, दिलीप चिड़ावा, मुकेश गोयनका, राकेश सिंफोनी सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया और सेवा कार्य में सहयोग दिया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि अग्रवाल समाज जागृति सेवा समिति द्वारा समय-समय पर सेवा गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिनमें जरूरतमंदों की सहायता, भोजन सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है और बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश भी जाता है।



