
सूरत। सारोली स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में कपड़ा व्यापार के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित कपड़ा व्यापारी ने सारोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सरगम शॉपिंग सेंटर के पीछे पार्ले प्वाइंट निवासी तथा मूल सरदारशहर (राजस्थान) के कपड़ा व्यापारी जगमोहन लच्छीराम जालान श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में धीरज सिल्क मिल्स के नाम से निटिंग कपड़े का व्यवसाय करते हैं। वर्ष 2022 में “वैभव लक्ष्मी इम्पेक्स” फर्म के प्रोपराइटर देवेंद्रसिंह शंभुसिंह राजपूत उनकी दुकान पर आया और स्वयं को पूर्व में डाइंग मिल में कार्यरत बताते हुए वर्तमान में कपड़ा दलाली का व्यवसाय शुरू करने की जानकारी दी। आरोपी ने बाजार में मजबूत व्यापारिक पार्टियों से संपर्क होने तथा समय पर भुगतान करने का भरोसा दिलाकर व्यापार शुरू कराया।
आरोपी के विश्वास में आकर फरियादी ने 9 अप्रैल 2022 से 11 मई 2022 के दौरान अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 37,62,541 रुपये का निटिंग कपड़े का माल सारोली स्थित रघुवीर प्लेटिनम टेक्सटाइल मार्केट में “वैभव लक्ष्मी इम्पेक्स” फर्म पर भेजा।आरोपी ने केवल 13,82,605 रुपये का आंशिक भुगतान किया जबकि शेष 23,79,936 रुपये बकाया नही चुकाया।
बार-बार उगाही करने के बावजूद आरोपी केवल आश्वासन देता रहा और बाद में अपनी दुकान बंद कर फरार हो गया। ठगी का एहसास होने पर व्यापारी ने सारोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सारोली पुलिस ने जगमोहन जालान की शिकायत के आधार पर देवेंद्रसिंह शंभुसिंह राजपूत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस सब इंस्पेक्टर यू.बी. मेंदपरा कर रहे हैं तथा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।



