संतवृंद की जिज्ञासाओं को महातपस्वी महाश्रमण से किया समाहित
शांतिदूत की मंगल सन्निधि में पहुंचे चुरू के विधायक श्री हरलाल सहारण

ओरलैण्डो से समागत समणी चैतन्यप्रज्ञाजी ने दी अभिव्यक्ति, मिला मंगल आशीर्वाद 02.04.2026, बुधवार, लाडनूं :
जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशमाधिशास्ता, महातपस्वी, अखण्ड परिव्राजक आचार्यश्री महाश्रमणजी की मंगल सन्निधि में साधिक 36 वर्षों बाद योगक्षेम वर्ष का आयोजन जैन विश्व भारती परिसर में हो रहा है। इस सुअवसर का सम्पूर्ण लाभ प्राप्त करने के लिए चतुर्विध धर्मसंघ तत्पर नजर आ रहा है। दूर-सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न आवासीय सुविधाओं के माध्यम से अपने आराध्य के निकट दर्शन, सेवा व उपासना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं तो वहीं वर्षों पहले अपनी जन्मभूमि को छोड़कर देश-विदेश के दूसरे-दूसरे हिस्सों के वासी हो चुके श्रद्धालु इस समय अपने पैतृक गांव लाडनूं में पहुंचकर इस सौभाग्य का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

लाडनूं तथा लाडनूं के आसपास के क्षेत्र में विचरण करने वाले अथवा स्थाई रूप से सेवा देने वाले, सेवा ग्रहण करने वाले चारित्रात्माओं के साथ-साथ समणीवृंद व मुमुक्षुवृंद के लिए मानों घर बैठे ज्ञानगंगा की अविरल व निर्मल धारा प्राप्त हो रही है, जो उनके आध्यात्मिक जीवन को अभिनव सिंचन प्रदान कर रही है। नित्य प्रति चलने वाली कक्षाओं, शिविरों, संगोष्ठियों, संस्थागत आयोजनों के माध्यम से युगप्रधान अनुशास्ता की मंगल सन्निधि में ज्ञान का सागर हिलोरें ले रहा है, जिसमें चतुर्विध धर्मसंघ गोते लगा रहा है और स्वयं को कृतपुण्य बना रहा है।

गुरुवार को मुख्य प्रवचन कार्यक्रम में संतवृंद के लिए विशेष रूप से जिज्ञासा-समाधान का उपक्रम रहा। संतवृंदों की जिज्ञासाओं को समाहित करते हुए महातपस्वी आचार्यश्री महाश्रमणजी ने ऐसे सरल व ग्रहणीय समाधान प्रदान किए कि वे जिज्ञासुओं के साथ-साथ उपस्थित श्रद्धालुओं की शंकाओं को भी दूर करने वाले बन गए। संतवृन्द द्वारा की गई जिज्ञासाओं को समाहित करते हुए आचार्यश्री ने ज्ञानावरणीय कर्मों को, सद्भावना, नैतिकता व नशामुक्ति के संदेशों को, आसक्ति आदि विषयों को विवेचित किया। गुरुवाणी से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर संतवृंद आह्लादित नजर आ रहे थे।
ओरलैण्डो से गुरु सन्निधि में पहुंची समणी चैतन्यप्रज्ञाजी ने अपनी भावनाओं को अभिव्यक्ति दी। आचार्यश्री ने उन्हें मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।आज आचार्यश्री की मंगल सन्निधि में चुरू के विधायक श्री हरलाल सहारण तथा भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्रसिंह राठौड़ के पुत्र श्री पराक्रमसिंह राठौड़ पहुंचे। उपस्थित महानुभावों के साथ आचार्यश्री का कुछ समय तक वार्तालाप का भी क्रम रहा। आचार्यश्री से मंगल आशीर्वाद व मंगल मार्गदर्शन प्राप्त कर दोनों महानुभाव भावविभोर नजर आ रहे थे।




