
सूरत-सूरत जिले के कडोदरा स्थित वरेली गांव की सीमा में संचालित रवि एक्सपोर्ट लिमिटेड कंपनी में कर्मचारी द्वारा ही यार्न चोरी करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। कंपनी के सतर्क सिक्योरिटी गार्ड की सजगता से 26,333 रुपये कीमत का यार्न चोरी होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 1:45 बजे की है। कंपनी में पार्ट-टाइम धागा बनाने का काम करने वाले कर्मचारी संदीप राजेंद्र निषाद ने वार्पिंग विभाग में रखे रोटो यार्न के 30 कोन (कुल वजन 193.626 किलोग्राम) चोरी करने की योजना बनाई थी।
आरोपी ट्रॉली में यार्न भरकर कंपनी के पीछे की दीवार के पास पहुंचा और बोरी में भरकर बाहर फेंकने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड ब्रिज मोहन गुप्ता ने अंधेरे में संदिग्ध गतिविधि देख ली।
गार्ड ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आरोपी यार्न वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बाद में कंपनी प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें चोरी का प्रयास करने वाला कर्मचारी संदीप निषाद ही निकला।
घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है और पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है




