businessदिल्ली NCRसूरत सिटी

LPG संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला

अब पेट्रोल पंपों पर भी मिलेंगे 5 किलो गैस सिलेंडर, केरोसीन बिक्री को भी अस्थायी मंजूरी

नई दिल्ली,। मध्य-पूर्व में ईरान-अमेरिका तनाव और हॉर्मुज़ स्ट्रेट में बाधा के कारण भारत की तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। संभावित ईंधन संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए अब पेट्रोल पंपों पर 5 किलो के छोटे LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने की मंजूरी दे दी है। यह सुविधा इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है।
सरकार का यह कदम गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ और लंबी कतारों से जनता को राहत देने के लिए उठाया गया है। नए नियमों के तहत पेट्रोल पंप संचालकों को घरेलू और छोटे व्यावसायिक उपयोग के 5 किलो सिलेंडर बेचने की अनुमति दी गई है। ग्राहक बिना गैस कनेक्शन के भी सिलेंडर खरीद सकेंगे। नए सिलेंडर के लिए लगभग 1,476 रुपये, सिलेंडर बदलने पर करीब 976 रुपये और केवल रिफिल के लिए लगभग 586 रुपये निर्धारित किए गए हैं, हालांकि विभिन्न स्थानों पर कीमतों में अंतर हो सकता है।
इसी बीच सरकार ने पेट्रोल पंपों पर केरोसीन बिक्री को भी अस्थायी मंजूरी दी है। केंद्र ने 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 60 दिनों के लिए केरोसीन की आपूर्ति को मंजूरी दी है, ताकि ईंधन की संभावित कमी से निपटा जा सके। प्रत्येक जिले में अधिकतम दो पेट्रोल पंपों को 5,000 लीटर तक केरोसीन संग्रह और वितरण की अनुमति दी गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि केरोसीन का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों जैसे खाना बनाने और बिजली की कमी के दौरान प्रकाश के लिए ही किया जा सकेगा।
इस बीच राहत की खबर यह भी है कि भारतीय ध्वज वाले दो जहाज सुरक्षित रूप से हॉर्मुज़ खाड़ी पार कर चुके हैं और उनमें देश की एक-दो दिन की जरूरत के बराबर LPG लदी हुई है। सरकार ने कहा है कि स्थिति सामान्य होने तक ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के लिए कई अन्य कदम भी उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button