POLITICSसूरत सिटी

लंबी माथापच्ची के बाद सूरत भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा

120 में से 107 उम्मीदवार घोषित, 31 रिपीट; तीन टर्म और 60 वर्ष आयु सीमा से कई वरिष्ठ नेताओं की टिकट कटी

सूरत। सूरत महानगरपालिका चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड की मैराथन बैठक के बाद देर रात 120 सीटों में से 107 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई, जबकि शेष चार वार्डों के 13 उम्मीदवारों के नाम आज घोषित किए जाएंगे। घोषित सूची में 31 मौजूदा कॉर्पोरेटरों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि बड़ी संख्या में नए चेहरों को स्थान दिया गया है। पार्टी ने तीन टर्म पूरा कर चुके और 60 वर्ष से अधिक आयु वाले नेताओं को टिकट नहीं देने का निर्णय लिया, जिसके चलते कई वरिष्ठ नेताओं की टिकट कट गई।
प्रदेश भाजपा की बैठक में उम्मीदवारों को लेकर भारी खींचतान भी देखने को मिली और कई नामों पर सहमति नहीं बनने से घोषणा में देरी हुई। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों का चयन वार्ड की जनसंख्या, सामाजिक समीकरण और संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखकर किया गया है। सूची जारी होते ही भाजपा कार्यालय पर समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी और उम्मीदवारों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया, जबकि जिन नेताओं की टिकट कटी उनमें निराशा देखने को मिली।
तीन टर्म और आयु सीमा के कारण राकेश माली, हेमाली बोगावाला, केतन मेहता, दिनेश जोधाणी, नरेश धामेलिया, कनु पटेल, बसु जगड़ू पटेल, विनोद पटेल और नागर पटेल सहित कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट नहीं मिला। वहीं वार्ड रोटेशन के कारण कृणाल सेलर, केयूर चपटलवाला और नरेंद्र पांडव सहित कई कॉर्पोरेटर भी बाहर हो गए।
प्रदेश भाजपा ने पूर्व मेयर दक्षेश मावाणी, पूर्व स्थायी समिति चेयरमैन राजन पटेल, पूर्व डिप्टी मेयर डॉ. नरेंद्र पटेल और पूर्व शासक पक्ष नेता अमितसिंह राजपूत को फिर से चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए किसी भी कॉर्पोरेटर को इस बार टिकट नहीं दिया गया है। उम्मीदवार आज समर्थकों के साथ विधिवत नामांकन दाखिल करेंगे, जिसके बाद शहर में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button