
सूरत।सूरत के सारोली क्षेत्र में कपड़ा व्यापार के नाम पर 7,58,924 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नवागाम डिंडोली निवासी सुनील देवकरण यादव, जो कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाइल मार्केट स्थित स्वस्तिक टेक्सटाइल फर्म में मैनेजर एवं पावर ऑफ अटॉर्नी होल्डर हैं, ने दो व्यापारियों के खिलाफ सारोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी जयदीपभाई हरिकृष्णा और हितेशभाई करणाभाई, दोनों “हरेकृष्णा एंटरप्राइज” नाम से पुनागाम स्थित शॉप नंबर 431, कैनाल रोड पर कपड़ा व्यापार करते हैं। वर्ष 2022 में दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर व्यापारिक संबंध स्थापित किए और बताया कि उनका बाजार में बड़ा कामकाज है तथा उन्हें पॉलिएस्टर फैब्रिक की नियमित आवश्यकता रहती है। आरोपियों ने 45 दिन में भुगतान करने का भरोसा देकर कपड़ा सप्लाई करने को कहा।
विश्वास में आकर शिकायतकर्ता ने 12 दिसंबर 2022 से 27 दिसंबर 2023 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 7,58,924 रुपये का पॉलिएस्टर फैब्रिक उधार पर सप्लाई किया। तय समय सीमा पूरी होने के बाद जब भुगतान मांगा गया तो दोनों आरोपी बार-बार नए बहाने बनाकर भुगतान टालते रहे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, अक्टूबर 2024 में उन्होंने सारोली पुलिस स्टेशन में आवेदन भी दिया था, जिसके बाद आरोपियों ने फरवरी 2025 से भुगतान शुरू करने का आश्वासन देकर समझौता कराया। लेकिन इसके बाद भी आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और फरवरी 2025 के बाद फोन उठाना भी बंद कर दिया।
आरोप है कि दोनों व्यापारियों ने शुरू से ही धोखाधड़ी के इरादे से माल लिया और भुगतान नहीं किया। मामले में सारोली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी पी.हे.कॉ. हितेश कुमार वसावा को आगे की कार्रवाई सौंपी गई है।




