businessTextileक्राइमसूरत सिटी

एनटीएम मार्केट के कपड़ा व्यापारी से जयपुर के व्यापारी ने की 3.55 लाख रुपये की धोखाधड़ी,

ऑनलाइन संपर्क कर मंगवाया फिनिश कपड़ा, भुगतान न कर लौटाने से भी किया इनकार,जयपुर के व्यापारी पर मामला दर्ज

सूरत। शहर में कपड़ा व्यापार के नाम पर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। पुणा कैनाल रोड, दर्शन रेसीडेंसी मगोब निवासी कपड़ा व्यापारी पारस रमेश्वरलाल राठी ने जयपुर के व्यापारी अक्ष पटेल के खिलाफ 3,55,424 रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। सलाबतपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पारस राठी रिंग रोड स्थित एनटीएम मार्केट में “राधे कृष्णा क्रिएशन” नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं। वर्ष 2023 के दौरान जयपुर, राजस्थान स्थित खुशालनगर, सांगानेर रोड पर “सिया एंटरप्राइज” नाम से व्यापार करने वाले अक्ष पटेल ने ऑनलाइन माध्यम से उनसे संपर्क किया। आरोपी ने फिनिश कपड़े का माल खरीदने की इच्छा जताई और बाजार के नियम अनुसार समय पर भुगतान करने का भरोसा दिलाया।
विश्वास में लेकर आरोपी ने अलग-अलग समय पर कपड़े का ऑर्डर दिया। इसके बाद 4 फरवरी 2023 से 10 अप्रैल 2023 के बीच पारस राठी ने अपनी फर्म राधे कृष्णा क्रिएशन से कुल 3,55,424 रुपये का फिनिश कपड़ा ट्रांसपोर्ट के माध्यम से जयपुर स्थित सिया एंटरप्राइज के पते पर भेज दिया।
समय सीमा पूरी होने के बाद जब व्यापारी ने भुगतान की मांग की, तो आरोपी अक्ष पटेल लगातार बहाने बनाकर समय टालता रहा। बाद में जब शिकायतकर्ता ने माल वापस मांगा तो आरोपी ने माल लौटाने से भी इनकार कर दिया। साथ ही भुगतान देने से भी साफ मना कर दिया।
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि आरोपी ने शुरुआत से ही धोखाधड़ी की नीयत से माल मंगवाया और भुगतान नहीं किया। इसके बाद पारस राठी ने सलाबतपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी अक्ष पटेल, मालिक सिया एंटरप्राइज, दुकान नंबर 02, प्लॉट नंबर 145, खुशालनगर, सांगानेर, जयपुर (राजस्थान) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।मामले की जांच एएसआई दादुभाई भुवा कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button