डायमंड सिटी सूरत में नारी शक्ति का महाकुंभ, ‘स्वर्ण मंगलम’ का भव्य आगाज़ आज
पद्मभूषण राजश्री बिड़ला करेंगी उद्घाटन, 400 से अधिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ‘शक्तिवंदनम’ अवार्ड्स का होगा वितरण
सूरत। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन के तत्वावधान में स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 12 अप्रैल से सूरत में दो दिवसीय राष्ट्रीय समागम ‘स्वर्ण मंगलम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। देशभर से 400 से अधिक महिला प्रतिनिधियों का सूरत में आगमन हो चुका है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘शक्तिवंदनम’ अवार्ड्स एवं सम्मान समारोह रहेगा, जिसमें समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह का उद्घाटन पद्मभूषण श्रीमती राजश्री बिड़ला (चेयरमैन, बिड़ला ग्रुप) के करकमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा मुख्य अतिथि तथा मुंबई की प्रधान आयकर आयुक्त डॉ. माया माहेश्वरी विशेष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्षा मंजू बांगड़ करेंगी। आयोजन के दौरान दशम् राष्ट्रीय कार्यसमिति एवं चतुर्थ राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठकें भी आयोजित होंगी, जिसमें ‘सेवा, संस्कार और संगठन’ के मूल मंत्र के साथ आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। गुजरात प्रान्तीय माहेश्वरी महिला संगठन एवं सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन के आतिथ्य में आयोजित यह समारोह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ✨



