दिल्ली NCR

बिना अकाउंट नंबर बदले बैंक बदल सकेंगे ग्राहक, RBI ला रहा बड़ी सुविधा

नई दिल्ली, 4 अप्रैल। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) खाताधारकों के हित में एक बड़ी सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बैंक ग्राहक मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी की तरह बिना अकाउंट नंबर बदले अपनी बैंक बदल सकेंगे। RBI की यह पहल बैंकिंग क्षेत्र में बड़ा बदलाव मानी जा रही है, जिससे ग्राहकों को काफी राहत मिलेगी।
RBI की योजना के अनुसार ग्राहक अपनी पसंद की बैंक में बिना नया अकाउंट नंबर लिए आसानी से स्विच कर सकेंगे। बैंक बदलने पर ग्राहक की सभी सेवाएं जैसे ऑटो पेमेंट, निवेश, बिल भुगतान और अन्य वित्तीय विवरण स्वतः नई बैंक में ट्रांसफर हो जाएंगे। इसके लिए RBI “पेमेंट्स विज़न 2028” के तहत एक आधुनिक सेंट्रल प्लेटफॉर्म तैयार कर रहा है।
वर्तमान में यदि कोई ग्राहक बैंक बदलना चाहता है तो उसे नया अकाउंट खोलना पड़ता है और सभी सेवाओं जैसे सैलरी, होम लोन ईएमआई, म्यूचुअल फंड SIP, बीमा प्रीमियम, गैस सब्सिडी, बिजली-पानी बिल आदि की जानकारी अलग-अलग अपडेट करनी पड़ती है। इस प्रक्रिया में समय भी लगता है और कई बार भुगतान रुकने या रद्द होने की समस्या भी सामने आती है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद ग्राहक का अकाउंट नंबर स्थायी हो जाएगा। जब ग्राहक बैंक बदलेगा तो नई बैंक उसी अकाउंट नंबर को अपनी प्रणाली में शामिल कर लेगी। इससे सभी भुगतान और सेवाएं स्वतः ट्रांसफर हो जाएंगी।
RBI की इस नई व्यवस्था से बैंकों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद है। साथ ही बैंक बदलना पहले की तुलना में आसान और तेज हो जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button