
अहमदाबाद। अहमदाबाद सहित अन्य शहरों के व्यापारियों से महंगे इलेक्ट्रिकल सामान, कपड़े और अन्य वस्तुएं खरीदकर ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को सरखेज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ऋषिल शाह के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में 50 से अधिक व्यापारियों से ठगी करने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, बोपल निवासी मयूरभाई डोंगा बोपल-आंबली रोड पर पर्दे के कपड़े की दुकान चलाते हैं। करीब एक सप्ताह पहले एक युवक उनकी दुकान पर आया और तुरंत माल लेने की बात कहकर लगभग 40 हजार रुपये का पर्दे का कपड़ा पसंद किया। आरोपी ने बैंक डिटेल लेकर कपड़ा साथ ले लिया और बाद में भुगतान किए जाने का फर्जी स्क्रीनशॉट भेज दिया।
हालांकि मयूरभाई के बैंक खाते में पैसे जमा नहीं हुए। जब उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। आरोपी ने अपना नाम ऋषिल शाह बताया था। इसके बाद व्यापारी ने सरखेज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिली और उसे घाटलोडिया स्थित रत्नदीप टावर के एक मकान से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इसी तरीके से कई शहरों के व्यापारियों को निशाना बनाकर ठगी कर चुका है। पुलिस आरोपी से अन्य मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।



