
सूरत। शहर के पुना क्षेत्र स्थित सूरत-कडोदरा रोड पर राज टेक्सटाइल टावर में एक बड़ी आर्थिक ठगी का मामला सामने आया है। यहां स्थित शिव शक्ति टेक्सटाइल में कलेक्शन का काम संभालने वाला कर्मचारी करीब 40 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद टेक्सटाइल व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पर्वत गांव स्थित माधवबाग के सामने व्रजभूमि अपार्टमेंट में रहने वाले राकेशभाई कन्हैयालाल राठी, पुना स्थित राज टेक्सटाइल टावर की दुकान नंबर बी/7071 में अपने रिश्तेदार सुनीलभाई ओमप्रकाश बाहेती के साथ “शिव शक्ति टेक्सटाइल” नाम से कपड़े का कारोबार करते हैं। उनकी दुकान पर पिछले करीब चार वर्षों से महेंद्र स्वरूप सिंह नामक कर्मचारी कार्यरत था, जो शहर तथा गुजरात के बाहर के व्यापारियों से पेमेंट कलेक्शन कर उसे सुरक्षित दुकान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाता था।
महेंद्र सिंह मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले के शेरगढ़ तहसील अंतर्गत निमलोका गांव के “गहलोतों की ढाणी” का निवासी है। वर्तमान में वह सूरत के खटोदरा क्षेत्र में रोकड़िया हनुमान मंदिर के पास हिंगलाज सोसायटी, मकान नंबर 13 में रह रहा था।
घटना 19 मार्च 2026 की बताई जा रही है, जब विभिन्न व्यापारियों द्वारा अंगड़िया के माध्यम से भेजी गई करीब 40 लाख रुपये की नकदी महेंद्र सिंह को सौंपी गई थी। उसे यह रकम दुकान तक पहुंचानी थी, लेकिन वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब काफी समय तक कोई संपर्क नहीं हुआ तो व्यापारी को शंका हुई।
जांच के दौरान पता चला कि महेंद्र सिंह द्वारा उघरानी के लिए ले जाई गई बाइक पार्किंग में लावारिस हालत में मिल गई, जबकि उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। इससे यह स्पष्ट हुआ कि वह योजनाबद्ध तरीके से नकदी लेकर फरार हुआ है।
परिजनों और व्यापारियों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अंततः व्यापारी राकेश राठी ने पुना पुलिस थाने में महेंद्र सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मामले की जांच पीएसआई वी.सी. मसाणी द्वारा की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।



