
सूरत। साउथ गुजरात प्लास्टिक मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन एवं सनलाइन इन्फोटेक इवेंट इंडिया के संयुक्त सहयोग से ‘सूरत प्लास्ट शो 2026’ का आयोजन 2 से 5 अप्रैल तक सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में देशभर के उद्योगकार, निर्माता और सप्लायर्स भाग लेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोरभाई वाघाणी ने बताया कि औद्योगिक दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहे सूरत में आयोजित यह प्रदर्शनी प्लास्टिक और पॉलिमर उद्योग के लिए नवाचार, आधुनिक तकनीक और व्यापारिक अवसरों का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। प्रदर्शनी में आधुनिक मशीनरी, एडवांस टेक्नोलॉजी, पैकेजिंग सॉल्यूशंस और रीसाइक्लिंग क्षेत्र की नई खोजों का प्रदर्शन किया जाएगा।
विशेष रूप से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट और रीसाइक्लिंग सॉल्यूशंस पर जोर दिया जाएगा, जिससे उद्योग को अधिक टिकाऊ बनाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही आयोजन के दौरान विभिन्न सेमिनार, वर्कशॉप और तकनीकी प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे उद्योगकारों को नेटवर्किंग, नॉलेज शेयरिंग और नए व्यापारिक अवसर प्राप्त होंगे।
आयोजकों का मानना है कि यह एक्सपो गुजरात के औद्योगिक विकास को नई गति देगा और प्लास्टिक उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



