सूरत में सीरवी समाज द्वारा अष्टमी हवन एवं भव्य सत्संग का आयोजन
चैत्र नवरात्रि पर 11 जोड़ों ने दी आहुति, समाज के युवाओं को सत्य मार्ग पर चलने का संदेश

सूरत। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सीरवी समाज गुजरात, सूरत द्वारा समाज भवन प्रांगण में अष्टमी हवन अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। बुधवार रात्रि को समाज भवन परिसर में कलाकारों द्वारा भव्य सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्ति रस में सराबोर हुए।
दूसरे दिन प्रातः 9 बजे गायत्री परिवार के माध्यम से विधिवत हवन अनुष्ठान सम्पन्न कराया गया। इस हवन में अखंड नवरात्रि रखने वाले भाई-बहनों सहित समाज की कार्यकारिणी के सदस्यों ने सहभागिता की। कुल 11 जोड़ों ने हवन में आहुति देकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
समाज अध्यक्ष हेमाराम पंवार ने हवन में आहुति देने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधते हैं और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
सचिव भंवरलाल भायल ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म में सदैव सत्य की विजय होती है। उन्होंने समाज के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में हमेशा सत्य के मार्ग पर चलें और कभी भी असत्य का सहारा न लें।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हेमराज मुलेवा, मगनाराम गहलोत, सीए पूनमचंद, परिहार डायाराम सोयल, महेंद्र सिंह राठौड़ सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने गायत्री परिवार के पुरुषों का साफा एवं माला पहनाकर तथा महिलाओं का माला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
मीडिया प्रभारी पेमाराम सोयल ने बताया कि सूरत सीरवी समाज में प्रत्येक वर्ष चैत्र एवं शारदीय दोनों नवरात्रि में गायत्री परिवार द्वारा हवन का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे सहभागिता कर धर्म कार्य को सफल बनाते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व पदाधिकारी, वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य, महिला मंडल, नवयुवक मंडल, गैर मंडल एरिया सदस्य, सीरवी स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। धार्मिक वातावरण में सम्पन्न इस आयोजन ने समाज में एकता, श्रद्धा एवं आध्यात्मिकता का संदेश दिया।



