सूरत में 3 करोड़ की उधारी से टूटे व्यापारी ने जहर पीया, बेटे को गंभीर देख मां ने भी पी ली दवा
रिंग रोड टीटी मार्केट के व्यापारी आशीष शाह पर आरोप;बकाया भुगतान नहीं मिलने से परिवार ने उठाया कदम, पुलिस जांच शुरू

सूरत के टेक्सटाइल हब में उधारी के व्यापार में बकाया भुगतान को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। अश्विनीकुमार रोड स्थित मोदी मोहल्ला में हॉट-फिक्स मशीन का काम करने वाले 32 वर्षीय युवक ने लगभग 3 करोड़ रुपये का उघाड़ा नहीं मिलने और कथित रूप से पुलिस केस की धमकी मिलने से परेशान होकर जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। बेटे की हालत गंभीर देखकर उसकी मां ने भी जहर पी लिया। दोनों को स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक रिंग रोड स्थित टीटी मार्केट के व्यापारी आशीष शाह (स्वरा डिज़ाइनर) के लिए साड़ियों में हॉट-फिक्स और जॉबवर्क का काम करता था। परिवार का आरोप है कि पिछले कई महीनों से लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की रकम बकाया थी। बार-बार बकाया पेमेन्ट मांगने के बावजूद व्यापारी ने केवल 71 लाख रुपये का भुगतान किया, जबकि शेष रकम के लिए लगातार टालमटोल किया जाता रहा।
पीड़ित युवक के पिता ने बताया कि अक्टूबर महीने से व्यापारी ने हिसाब करना बंद कर दिया था। उल्टा उनके बेटे पर दबाव बनाकर 27 लाख रुपये की गलत राशि मानने के लिए साइन भी करवा लिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि व्यापारी ने उनके बेटे से लिए गए चेक में छेड़छाड़ कर अलग-अलग रकम भरकर चेक जमा किए और मानसिक दबाव बनाया।
परिवार के अनुसार, घटना वाले दिन युवक अपने पिता और मां के साथ रिंग रोड टीटी मार्केट में व्यापारी आशीष शाह से मिलने गया था। वहां व्यापारी के मौजूद नहीं होने और एक घंटे बाद आने की बात कहे जाने से युवक मानसिक रूप से टूट गया और उसने अपने पास रखी जहरीली दवा पी ली। बेटे को गिरता देख मां ने भी दवा गटगटा ली।
दोनों को 108 एम्बुलेंस के जरिए स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और व्यापारिक जगत में भी चिंता का माहौल बन गया।
हालांकि, स्वरा डिज़ाइनर के प्रोपाइटर आशीष शाह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका किसी प्रकार का भुगतान बकाया नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा था और मामले की सच्चाई पुलिस जांच में सामने आ जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिवार के बयान दर्ज किए। पुलिस ने वित्तीय लेनदेन, चेक और खातों की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने न्याय और बकाया राशि दिलाने की मांग की है।



