
सूरत शहर में फायर सेफ्टी की कमी और निर्माण नियमों के उल्लंघन को लेकर सूरत महानगरपालिका (मनपा) ने सख्त कदम उठाते हुए कुल 227 मार्केट्स को नोटिस जारी की है। इनमें लिंबायत जोन की 94 तथा सेंट्रल जोन क्षेत्र की 134 मार्केट्स शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार कई मार्केट्स में फायर सेफ्टी के आवश्यक उपकरणों का अभाव पाया गया, जबकि कुछ मार्केट्स में निर्धारित एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) के अनुसार निर्माण कार्य नहीं किया गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए मनपा ने सभी संबंधित मार्केट संचालकों को नियमों का तत्काल पालन करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यभर में आग की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा एसओपी जारी की गई है। इसी के तहत सूरत शहर की सभी मार्केट्स को फायर सेफ्टी नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है।
दो दिन पूर्व सहारा दरवाजा स्थित जयश्री राम टेक्सटाइल मार्केट में लगी भीषण आग की घटना के बाद मनपा और फायर विभाग द्वारा जांच शुरू की गई थी। भारी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया था। जांच के दौरान कई मार्केट्स में सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर कमी सामने आई।
मनपा अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नोटिस के बावजूद यदि मार्केट संचालकों द्वारा आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो आगामी दिनों में संबंधित मार्केट्स को सील करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



