सूरत: अटलांटा स्काई डेक में रामनवमी पर भव्य भंडारा, भक्तिमय माहौल में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

सूरत। रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के अलथाण क्षेत्र स्थित अटलांटा स्काई डेक सोसायटी के निवासियों द्वारा 26 मार्च को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सोसायटी के निवासियों ने सामूहिक रूप से भगवान श्रीराम की पूजा कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इस आयोजन की विशेषता निवासियों की सेवा भावना और सुव्यवस्थित प्रबंधन रहा। सोसायटी की महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से अपने हाथों से प्रसाद तैयार कर भक्तों को परोसा तथा आने वाले अतिथियों का स्वागत किया। वहीं पुरुष स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संभाला, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
भंडारे में आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ राहगीरों और यात्रियों ने भी बड़े उत्साह से प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर तक चले इस आयोजन में भारी भीड़ देखने को मिली और पूरा क्षेत्र ‘जय श्री राम’ के जयघोष तथा भक्ति गीतों से गूंजता रहा।



