businessTextileक्राइमसूरत सिटी

सिक्योर लाइफ के नाम पर 10 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड ओडिशा से गिरफ्तार

ऊंचे ब्याज का लालच देकर लोगों से निवेश कराया, क्राइम ब्रांच ने 8 साल बाद दबोचा

सूरत। सूरत शहर में निवेशकों को ऊंचे ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को सूरत क्राइम ब्रांच ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले आठ वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने ओडिशा राज्य के गंजाम जिले के बेलपुंजी गांव से रूशिया लोकनाथ गौड़ा (48) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘सिक्योर लाइफ ग्रुप ऑफ कंपनीज’ और ‘सिक्योर लाइफ कैपिटल लिमिटेड’ नाम से कंपनी शुरू की थी।
आरोपी ने खुद को कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर, डायरेक्टर और ब्रांच मैनेजर बताकर अमरोली क्षेत्र के मानसरोवर सर्कल के पास श्रीपालनगर सोसायटी में मुख्य कार्यालय खोला था। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में शाखाएं खोलकर एजेंटों के जरिए लोगों से निवेश करवाया जाता था।
कंपनी द्वारा निवेशकों को दो साल के लिए 9.75 प्रतिशत, तीन साल के लिए 10 प्रतिशत और फिक्स डिपॉजिट में 12 प्रतिशत तक ब्याज देने का लालच दिया जाता था। साथ ही पांच साल में पैसा डबल और नौ साल में तीन गुना करने का भी वादा किया जाता था। इन योजनाओं के झांसे में आकर कई लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2010 से 2014 के बीच कंपनी ने लाखों रुपये की उगाही की थी। लेकिन निवेश की अवधि पूरी होने के बाद निवेशकों को पैसे लौटाने के बजाय कंपनी बंद कर आरोपी फरार हो गए थे।
इस मामले में शिकायतकर्ता और उसके परिजनों के करीब 57 लाख रुपये सहित एजेंटों और अन्य निवेशकों के मिलाकर करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी होने का खुलासा हुआ है।
गुनाह करने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए सूरत छोड़कर अपने वतन के आसपास के गांवों में छिपकर रह रहा था। हाल ही में उसके खेती करने की जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने ओडिशा पहुंचकर उसे पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button