
सूरत। सारोली क्षेत्र के डीएमडी लॉजिस्टिक पार्क के कपड़ा व्यापारी के साथ लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आर.के.टी. मार्केट एवं डीएमडी लॉजिस्टिक में “आरोही डिजाइनर” नाम से व्यापार करने वाले व्यापारी ने राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर कस्बे के दो व्यापारियों और एक दलाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक मोतीलाल खत्री निवासी फ्लैट नं. जी-601, वाटिका टाउनशिप, मॉडर्न टाउन रोड, डुंभाल,सूरत तथा मूल निवासी फलोदी,राजस्थान, सारोली स्थित डी.एम.डी.लॉजिस्टिक में दुकान नं. बी-20 में “आरोही डिजाइनर” नाम से कपड़ा व्यापार करते हैं। उनकी एक सेल्स ऑफिस आर.के.टी. मार्केट, रिंग रोड, सूरत में भी स्थित है।
वर्ष 2021 के दिसंबर महीने में कपड़ा दलाल विनोद भंसाली उनकी दुकान पर राजस्थान के दो व्यापारियों घेवरराम (रेनुका क्लॉथ) और राजुराम (सचिन क्लॉथ स्टोर) को लेकर आया था। दलाल ने दोनों को भरोसेमंद व्यापारी बताते हुए 40-45 दिनों में भुगतान की गारंटी दी और 2 प्रतिशत दलाली तय की गई।
इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बिलों के माध्यम से कपड़े का माल मंगवाना शुरू किया।घेवरराम (रेनुका क्लॉथ) ने दिनांक 08/12/2021 से 12/11/2022 के बीच
कुल 4,56,414 का प्रिंटेड कपड़ा मंगवाया।जिसमे से 1,64,202 का भुगतान व 24,714 का माल वापस करने के बाद
शेष 2,67,498 रुपये का भुगतान नहीं किया।वहीं राजुराम (सचिन क्लॉथ स्टोर) ने दिनांक
09/12/2021 से 23/06/2023 के बीच कुल 14,81,587 रुपये का माल मंगवाया इसके एवज में 11,56,231 का भुगतान किया व
शेष 3,25,356 रुपये का भुगतान नहीं किया।
फरियादी द्वारा बार-बार उगाही करने पर आरोपी अलग-अलग बहाने बनाते रहे और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने टेक्सटाइल मार्केट के अन्य व्यापारियों के साथ भी इसी प्रकार की ठगी की है।
इस प्रकार दलाल विनोद भंसाली तथा दोनों व्यापारियों ने मिलकर कुल 5,92,854 रुपये की रकम का भुगतान नहीं किया और विश्वास में लेकर धोखाधड़ी की।
सारोली पुलिस थाने में की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की है।मामले की जांच पुलिस सब इंस्पेक्टर एच.एल. देसाई द्वारा की जा रही है।




