
सूरत/किम-कडोदरा। सूरत लोकसभा सीट से सांसद मुकेश दलाल ने संसद में रेलवे मंत्रालय की डिमांड ग्रांट्स 2026-27 पर चर्चा के दौरान सूरत और आसपास के रेलवे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने खास तौर पर किम रेलवे स्टेशन पर एलिवेटेड सीढ़ी (स्टेयरकेस) बनाने की मांग रखी।
सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बताया कि किम स्टेशन पर एलिवेटेड सीढ़ी न होने के कारण लोग ट्रैक पार करने को मजबूर होते हैं, जिससे कई हादसे हो चुके हैं और जानमाल का नुकसान भी हुआ है। उन्होंने इस काम को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने की मांग की।
इसके अलावा सांसद ने कोरोना काल से बंद पड़ी किम और कुडसद रेलवे स्टेशन पर लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को फिर से शुरू करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रही वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी ट्रेन को सूरत तक बढ़ाया जाए, क्योंकि सूरत में बड़ी संख्या में सौराष्ट्र के लोग निवास करते हैं।
सांसद ने वंदे भारत और शताब्दी ट्रेनों के समय में बदलाव करने, वलसाड-वडनगर एक्सप्रेस और अहमदाबाद-मुंबई गुजरात एक्सप्रेस में फर्स्ट क्लास कोच बढ़ाने की भी मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने गांधीनगर-मुंबई और दिल्ली-मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने तथा सूरत रेलवे स्टेशन पर आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति करने का मुद्दा भी उठाया।
अंत में सांसद ने पश्चिम बंगाल के डानकुनी से सूरत के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के लिए बजट में प्रावधान करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।



