businessTextileलोकल न्यूज़सूरत सिटी

पुणा गांव में साड़ी गोदाम में भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी

चौथी मंजिल पर केमिकल युक्त सामग्री के कारण तेजी से फैली आग, चार घंटे बाद काबू

सूरत। शहर के पुणा गांव क्षेत्र में रविवार सुबह एक इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित साड़ी के गोदाम में भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में साड़ियों पर टिक्की लगाने का कार्य चल रहा था तथा अंदर रखे केमिकल युक्त मटेरियल के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।


फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सिल्वर चौक के पास इंडस्ट्रियल इलाके में स्थित एक बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर बड़े पैमाने पर साड़ियों का गोदाम संचालित था। सुबह अचानक गोदाम से धुएं के घने गुबार निकलते देख आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सरथाणा, पुणा, डुंभाल, मानदरवाजा और कापोद्रा समेत पांच फायर स्टेशनों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने लगातार चार घंटे से अधिक समय तक मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पाया।
आग लगने से बड़ी मात्रा में साड़ियां और ड्रेस मटेरियल जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच फायर विभाग द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button