
सूरत। सूरत के वेसु क्षेत्र के एक एम्ब्रॉयडरी व्यापारी को जॉबवर्क के बकाया रुपये देने के बहाने मुंबई बुलाकर हनीट्रैप में फंसाने और ब्लैकमेल कर करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति हड़पने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पांडेसरा पुलिस स्टेशन ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार स्वप्रील पैलेस, कैनाल रोड, वेसु निवासी मनोज शामजीभाई गोंडलिया (58) बमरोली रोड स्थित दक्षेश्वर मंदिर के पीछे मारुति इंडस्ट्रियल एस्टेट में एम्ब्रॉयडरी का व्यवसाय करते हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने धवल रमेश अकबरी (निवासी कांदीवली, मुंबई) से जॉबवर्क कराया था, जिसके 2.28 करोड़ रुपये बकाया थे। आरोप है कि रकम चुकाने से बचने के लिए धवल अकबरी ने दीपक जगदीशचंद्र बुटक (मिरा भायंदर, मुंबई), आशा मनसुख हिरपरा उर्फ पटेल (पासोदरा, कामरेज) तथा एक अज्ञात महिला के साथ मिलकर साजिश रची और व्यापारी को भुगतान करने के बहाने मुंबई बुलाया।
मुंबई पहुंचने पर आरोपियों ने व्यापारी को ठंडे पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और अचेत अवस्था में उन्हें निर्वस्त्र कर एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने, बलात्कार के मामले में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल शुरू किया गया। भय और मानसिक दबाव में व्यापारी से आरोपियों ने उनकी पत्नी के नाम की कामरेज स्थित करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति, बारडोली के लगभग 31 लाख रुपये के दो प्लॉट तथा वेसु के सोमेश्वर एन्क्लेव स्थित लगभग 4.51 करोड़ रुपये के बंगले सहित कुल 5.04 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों के दस्तावेज अपने पक्ष में करवा लिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि संपत्ति के सौदे के नाम पर रकम पहले व्यापारी के एचयूएफ खाते में ट्रांसफर करवाई गई और बाद में आरोपियों ने अपने बैंक खातों में वापस ट्रांसफर कर ली। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार फोन कर गाली-गलौज, धमकियां और अतिरिक्त पैसों की मांग जारी रखी गई। लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर व्यापारी ने परिवार को पूरी जानकारी दी और अंततः शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




