सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

मुगलसराय का नाम बदलकर ‘श्री तापी भवन’ और ‘तापीपुरा’ करने पर जीण माता सेवा संघ ने किया अभिनंदन

तापी माता का कलश लेकर SMC मुख्यालय पहुंचा प्रतिनिधि मंडल, मेयर सहित पदाधिकारियों को ओढ़ाई चुनरी

सूरत।सूरत महानगर निगम (मनपा) के मुख्य कार्यालय मुगलसराय का नाम बदलकर ‘श्री तापी भवन’ तथा मुगलसराय क्षेत्र का नाम बदलकर ‘तापीपुरा’ किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय का अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ, सूरत के प्रतिनिधि मंडल ने हर्षोल्लास के साथ स्वागत करते हुए निगम पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। संघ का प्रतिनिधि मंडल इस अवसर पर मनपा मुख्यालय पहुंचा।
संघ के सदस्यों ने कहा कि मानसिक गुलामी की झलक देने वाले नामों को हटाकर सूरत की अधिष्ठात्री देवी माँ तापी के नाम पर ‘तापीपुरा’ और ‘श्री तापी भवन’ नामकरण किया जाना शहर की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का सम्मान है। इस निर्णय के लिए जीण माता सेवा संघ ने मनपा के सभी पार्षदों का अभिनंदन किया।
संघ के लाडले राजेश काबरा के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल तापी माता का कलश लेकर श्री तापी भवन पहुंचा। इस दौरान संघ द्वारा सूरत के मेयर दक्षेश मवानी, स्थायी समिति के चेयरमैन राजन पटेल, कमिश्नर एम. नागराजन, नगर नियोजन समिति के चेयरमैन नागरमल पटेल, स्लम इम्प्रूवमेंट समिति के चेयरमैन विजय चौमाल, कॉरपोरेटर रमिला बेन पटेल, लता बेन राणा, रश्मि बेन साबू, नलिनी बेन और जय श्री बेन को माता की चुनरी ओढ़ाकर और पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया गया।
मनपा कमिश्नर एम. नागराजन ने जीण माता सेवा संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए तापी माता के कलश को श्री तापी भवन स्थित अपने कार्यालय में स्थापित किया।
ज्ञातव्य है कि इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए वार्ड क्रमांक 19 के पार्षद विजय भाई चौमाल द्वारा वर्ष 2018 से लगातार अथक प्रयास किए जा रहे थे। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए संघ ने उनका भी विशेष अभिनंदन किया।
इस अवसर पर जीण माता सेवा संघ ने सूरत की अस्मिता और पहचान का प्रतीक मानी जाने वाली माँ तापी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए गंगा, नर्मदा और तापी तीनों पवित्र नदियों के जल से श्री तापी भवन परिसर में छिड़काव कर धार्मिक अनुष्ठान भी किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button