कुमावत समाज ट्रस्ट सूरत द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह-2026 धूमधाम से संपन्न

सूरत (गुजरात)। कुमावत समाज ट्रस्ट, सूरत द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह-2026 का भव्य आयोजन अवलबा फार्म, सिल्वर चौक, पूणा सीमाड़ा केनाल रोड, योगी चौक पर किया गया। यह आयोजन दो दिवसीय रहा, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन शनिवार को महावीर नगर, सारोली रोड, पूणा गांव में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने अपने मधुर भजनों और लोकगीतों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

कुमावत समाज ट्रस्ट सूरत के अध्यक्ष पुखराज कुमावत ने बताया कि इस होली मिलन समारोह का आयोजन संत श्री गोविंद वल्लभदासजी महाराज (संस्थापक, श्रीपति धाम, नन्दनवन, राजपुरा, सिरोही) के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज में एकता, प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज को संगठित रहने का संदेश दिया।
समारोह में समाज की प्रतिभाओं ने रंगारंग लोक नृत्यों के माध्यम से अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
समाज के अग्रणी प्रदेश अध्यक्ष कैलाश घोडावड ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पशुपालन एवं गौपालन मंत्री जोराराम कुमावत तथा ऑल इंडिया कुम्भार पॉलिटिकल फेडरेशन के चेयरमैन मुकेश प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज की मातृशक्ति एवं सूरत प्रवासी बंधुओं की उपस्थिति रही। अतिथियों और आगंतुकों ने अपनी सहभागिता से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी विशिष्ट अतिथियों का मोमेंटो एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
अंत में सभी उपस्थित जनों ने महाप्रसादी ग्रहण कर कार्यक्रम का आनंद लिया। यह आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक समृद्धि का संदेश देने में सफल रहा।




