धार्मिक प्रवचन से जीवन में आता है परिवर्तन — मुनि श्री डॉ. मदन कुमार जी

सूरत। आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि श्री डॉ. मदन कुमार जी का सूरत के वेसु स्थित पुण्यभूमि अपार्टमेंट में मंगल प्रवेश हुआ, जहां चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 31 मार्च को यहां भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव भी मनाया जाएगा।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री ने कहा कि जीवन को सफल बनाने के लिए समय का सदुपयोग आवश्यक है। भगवान महावीर के सूत्र “खणं जाणाहि पंडिए” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति समय का महत्व समझता है, वही जीवन को सार्थक बना सकता है। धर्म श्रवण से ज्ञान, ज्ञान से विज्ञान, विज्ञान से तप और तप से निर्जरा होकर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।

मुनि श्री ने कहा कि धार्मिक प्रवचन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। भगवान की वाणी सुनकर दुरात्मा भी सदात्मा और महात्मा बन सकता है। धर्म जीवन को दिशा देने वाला सशक्त साधन है। उन्होंने पाप कर्म के पांच कारण—मिथ्यात्व, अव्रत, प्रमाद, कषाय और योग—से बचने की प्रेरणा भी दी।
इस अवसर पर मुनि श्री संयम कुमार जी और मुनि श्री कल्प कुमार जी ने संयम, त्याग और तपस्या अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपासक श्री अर्जुन मेड़तवाल ने पुण्यभूमि परिवार की ओर से मुनि श्री का स्वागत करते हुए 31 मार्च को आयोजित भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में अधिकाधिक उपस्थिति का आग्रह किया।



