चुनावी आचार संहिता से पहले सूरत में 100 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास
रविवार को सचिन में होगा मुख्य कार्यक्रम, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
सूरत। आगामी 26-27 मार्च को राज्य की नगरपालिकाओं में चुनाव की घोषणा की संभावना के बीच सूरत महानगरपालिका (मनपा) ने तेजी दिखाते हुए 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 10 प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया है।
मुख्य कार्यक्रम रविवार को सूरत के सचिन क्षेत्र में डी-मार्ट के पास आयोजित होगा, जहां केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील के हाथों विभिन्न परियोजनाओं की तख्तियों का अनावरण किया जाएगा।
मनपा द्वारा 45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स, जिनमें ब्रिज (पुल) सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं, का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा, 80 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले नए प्रोजेक्ट्स का खातमुहूर्त भी इसी कार्यक्रम में किया जाएगा।
सूरत से सचिन होते हुए नवसारी जाने वाले 90 मीटर स्टेट हाईवे पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के वाइडनिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जिसका लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही 9.12 करोड़ रुपये की लागत से बने तालाब, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शांतिकुंज का भी उद्घाटन होगा। ये सभी परियोजनाएं उधना-बी जोन क्षेत्र से संबंधित हैं।
वहीं उधना-ए क्षेत्र में सूरत-नवसारी मेन रोड पर उधना तीन रास्ता जंक्शन और सर्वोत्तम होटल जंक्शन पर 72.71 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लायओवर ब्रिज समेत चार अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील द्वारा किया जाएगा।
चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले मनपा द्वारा विकास कार्यों को तेजी से पूरा कर जनता को समर्पित करने की यह बड़ी पहल मानी जा रही है।



