अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर तेरापंथ महिला मंडल पर्वत पटिया ने किया नारी शक्ति का सम्मान

सूरत। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में तेरापंथ महिला मंडल पर्वत पटिया द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गृह लक्ष्मी स्वाभिमान अभियान के तहत 7 मार्च को एनजीओ मीट एवं प्रेरणा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र और नवयुवती बहनों के प्रेरणा गीत से हुई तथा अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
मंडल की अध्यक्ष सुमन बैद ने अपने संबोधन में कहा कि आज की नारी घर-परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ सामाजिक, राजनीतिक और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. मन्नू आर. जैन (माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष, स्मीमेर अस्पताल) ने कहा कि महिलाओं में अद्भुत शक्ति होती है, यदि संकल्प मजबूत हो तो हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम के आयोजन के लिए महिला मंडल की सराहना की।
इस अवसर पर साध्वी श्री विदित प्रभा जी एवं मुमुक्षु रुचिका बाई की संसारपक्षीय माता श्रीमती कंचनबेन मेहता को प्रेरणा सम्मान प्रदान किया गया। वहीं सेवा कार्यों के लिए सरला कोठारी, रंजना बोकड़िया और शिल्पा भंसाली को जैन प्रतीक व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी 11 समाजसेवी महिलाओं और एनजीओ प्रतिनिधियों का भी मोमेंटो व प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया। मंडल की बहनों ने “एक बेटी और बेटे में न करें भेद” विषय पर नाटिका प्रस्तुत कर सामाजिक संदेश दिया।
कार्यक्रम में 111 बहनों की उपस्थिति रही। संचालन चेष्टा कदमालिया व सुनीता पारख ने किया तथा मंत्री मधु झाबक ने आभार व्यक्त किया।



