
अहमदाबाद।अहमदाबाद के प्रतिष्ठित द उम्मेद होटल में आगामी भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 की तैयारियों को लेकर टेक्सटाइल उद्योग के प्रमुख व्यापारियों, निर्माताओं और उद्यमियों की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में देशभर के 100 से अधिक प्रमुख मैन्युफैक्चरर्स एवं थोक व्यापारियों ने भाग लेकर महोत्सव में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। बैठक में भारतीय टेक्सटाइल उद्योग को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने, निर्यात बढ़ाने और व्यापारिक नेटवर्क को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विक्रांत अबरोल ने विस्तृत प्रजेंटेशन के माध्यम से भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) के विज़न को प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह केवल एक प्रदर्शनी नहीं बल्कि भारत का सबसे बड़ा बिजनेस नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म बनने जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह मंच देश के मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और रिटेलर्स को सीधे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने का कार्य करेगा, जिससे बायर-सेलर मीट, लाइव बिजनेस अवसर और वैश्विक पहचान सुनिश्चित होगी। इस पहल से भारतीय टेक्सटाइल उद्योग को ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत अवसर मिलेगा।
बैठक में प्रवीण खंडेलवाल (सांसद एवं CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री) ने भारतीय व्यापार महोत्सव को देश के व्यापारियों के लिए एक क्रांतिकारी पहल बताते हुए कहा कि यह आयोजन भारतीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़कर व्यापार को नई गति देगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से इस ऐतिहासिक पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी एवं MSME को बढ़ावा देने के विज़न तथा वाणिज्य मंत्री श्री पीयूष गोयल द्वारा नए बाजारों के अवसर और FTA समझौतों के माध्यम से निर्यात वृद्धि की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मजबूत बिजनेस नेटवर्किंग की आवश्यकता पर के.एम. एजेंसी के अजय विधानी एवं जय विधानी,स्वास्तिक ट्रेडिंग कंपनी के राजेश बंसल एवं निहार बंसल तथा बनूरो वस्त्र उत्सव के भरत हरियाणवी एवं महेंद्र बजाज ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के मंच मैन्युफैक्चरर्स और रिटेलर्स के बीच दूरी कम करते हैं तथा नए व्यापारिक अवसरों को जन्म देते हैं। भारतीय व्यापार महोत्सव के माध्यम से एक सशक्त राष्ट्रीय व्यापारिक इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है, जो दीर्घकालिक व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करेगा।
चम्पालाल बोथरा (राष्ट्रीय चेयरमैन, CAIT टेक्सटाइल एवं गारमेंट कमेटी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) केवल एक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय व्यापारियों के लिए वैश्विक मंच पर अपनी पहचान स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने व्यापारियों को घरेलू और निर्यात बाजार में विस्तार के व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन देते हुए निर्यात प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज जैसे IEC, शिपिंग बिल तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ प्रभावी तालमेल की बारीकियों को विस्तार से समझाया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि BVM 2026 में टेक्सटाइल सेक्टर की भागीदारी ऐतिहासिक रहेगी, जो भारतीय व्यापार को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और ‘लोकल से ग्लोबल’ के विज़न को साकार करेगी। यह बैठक टेक्सटाइल उद्योग के लिए एक बड़े व्यापारिक अवसर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसमें देशभर के व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस महोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया।




