
सूरत।सूरत के सलाबतपुरा पुलिस स्टेशन में गारमेंट कपड़ा व्यापारी के साथ लाखों रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खटोदरा क्षेत्र स्थित सत्यम अपार्टमेंट निवासी एवं व्यापारी मुकेश हरिकृष्ण खचेडुमल गुप्ता (उम्र 62 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपियों ने व्यापारिक व्यवहार के दौरान विश्वास में लेकर माल मंगाया और बाद में भुगतान करने से इंकार कर दिया।
शिकायत के मुताबिक अहमदाबाद निवासी रवि कनैयालाल शेवारामाणी, प्रोप्राइटर – काना क्रिएशन तथा दलाल सुनीलभाई ने आपसी मिलीभगत से सलाबतपुरा रिंग रोड स्थित राधाकृष्ण टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नंबर 9152-53 (तीसरा माला) पर स्थित “संपूर्णा फैशन” नाम की दुकान से 13 सितंबर 2024 से 23 दिसंबर 2024 के दौरान अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 20,83,806 रुपये का गारमेंट फैब्रिक कपड़ा माल प्राप्त किया।
शुरुआत में आरोपियों ने विश्वास कायम रखने के लिए किश्तों में 12,06,167 रुपये का भुगतान किया, लेकिन बाद में शेष 8,77,639 रुपये का भुगतान नहीं किया।
फरियादी के अनुसार जब भुगतान लेने के लिए उनके सेल्समैन संदीप को भेजा गया तो दलाल ने उसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि कोई भी भुगतान नहीं किया जाएगा और दोबारा पैसे मांगने आए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद आरोपी अपनी दुकान बंद कर फरार हो गए।
इस मामले में सलाबतपुरा पुलिस ने फरियादी को शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।
मामले की जांच पो.सब इंस्पेक्टर पी.के. मेर द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



