
सूरत। वराछा की ग्लोबल मार्केट में गारमेंट फैब्रिक्स का व्यापार करने वाले व्यापारी से 1.32 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। परवतगाम देवधर रोड निवासी और मुंबई कांदिवली स्थित श्री श्याम टेक्सटाइल फर्म चलाने वाले अग्रवाल दंपती तथा मुंबई की डी.आर. ट्रेडिंग फर्म से जुड़े सहयोगी पर कपड़ा खरीदकर भुगतान न करने और गुंडे भेजकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में वराछा पुलिस ने व्यापारी के पुत्र ध्रुव अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार परवत पाटिया स्थित न्यू ईयर सम्राट हाईस्कूल के पास सम्राट टाउनशिप में रहने वाले राजस्थान मूल के व्यापारी रूपेश रामस्वरूप राठी वराछा न्यू बॉम्बे मार्केट के सामने स्थित ग्लोबल मार्केट की दूसरी मंजिल पर दुकान नंबर 2701-02 में गारमेंट फैब्रिक्स का व्यापार करते हैं।
मुंबई कांदिवली वेस्ट चारकोप सेक्टर-02 यूनिट-43 सोसायटी में श्री श्याम टेक्सटाइल फर्म चलाने वाले पंकज अग्रवाल और उनकी पत्नी रिकेल अग्रवाल ने 5 अगस्त 2024 से 10 जून 2025 के बीच करीब 3 करोड़ रुपये का कपड़ा खरीदा था। इस सौदे में 60 लाख रुपये की राशि बकाया रहने पर भुगतान नहीं किया गया। उधारी की मांग करने पर व्यापारी को मुंबई से गुंडे भेजकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
साथ ही दंपती के पुत्र ध्रुव अग्रवाल ने दलाल के रूप में पहचान देकर वर्ष 2019 में मुंबई कांदिवली वेस्ट चारकोप में डी.आर. ट्रेडिंग फर्म चलाने वाले तारिक तैयब खान को दिलाए गए कपड़े के बदले 72 लाख रुपये की बकाया रकम भी नहीं चुकाई, जिससे कुल 1.32 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया।
इस संबंध में व्यापारी रूपेश राठी ने 2 जनवरी 2026 को वराछा पुलिस थाने में अग्रवाल दंपती, सहयोगी तारिक खान और ध्रुव अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5), 351(3) और 54 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान पीएसआई वी.ए. चौधरी ने पहले पंकज ओमप्रकाश अग्रवाल और तारिक तैयब खान को गिरफ्तार किया था। इसके बाद शनिवार को ध्रुव पंकज अग्रवाल (उम्र 21 वर्ष) को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



