वेसु स्थित लब्धि भूमि में आचार्य यशोवर्म सूरीजी संग गुरु भगवंतों का भव्य प्रवेश

सूरत।सूरत के वेसु स्थित लब्धि भूमि (बलर फार्म) में आज गच्छाधिपति परम पूज्य आचार्य अभयदेवसूरीश्वरजी महाराज एवं आचार्य यशोवर्मसूरीश्वरजी महाराज के सान्निध्य में अनेक आचार्य भगवंतों तथा विशाल साधु–साध्वी समुदाय का भव्य और ऐतिहासिक प्रवेश संपन्न हुआ। पूरा वेसु क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
प्रवेश यात्रा प्रातः 9:00 बजे सोमेश्वर संघ से प्रारंभ हुई। सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं ने भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ गुरु भगवंतों का स्वागत किया। बैंड-बाजे, जयघोष और मंगल गीतों के बीच निकली यह शोभायात्रा नगर के लिए गौरव का विषय बन गई। विशेष रूप से पहली बार निर्मित “पदवी नगरी” के उद्घाटन के साथ तीन दिवसीय भव्य महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
ज्ञातव्य है कि पूज्य आचार्य यशोवर्मसूरीश्वरजी महाराज का ऐतिहासिक गच्छाधिपति उत्सव इन दिनों सूरत में मनाया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में 9/9 आचार्य भगवंतों सहित विशाल साधु-साध्वी समुदाय का लब्धि भूमि में आगमन हुआ, जिसे जैन समाज के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत रात्रि में कॉलेजियन युवक-युवतियों के लिए विशेष लाइव संगीतमय भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं 21 तारीख की रात पहली बार प्रोफेशनल प्रस्तुति के साथ ऐतिहासिक नाटक “सिकंदर का सिकंदर” मंचित किया जाएगा, जिसमें एक महान ऐतिहासिक व्यक्तित्व के जीवन को दर्शाया जाएगा।
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की झड़ी लगी रहेगी। वेसु की लब्धि भूमि इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम बनी हुई है।



