तेरापंथ महिला मंडल, सूरत का होली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

सूरत। तेरापंथ महिला मंडल द्वारा बुधवार को होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ तेरापंथ भवन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार मंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुई, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
मंडल अध्यक्षा प्रतीक्षा बोथरा ने सभी बहनों का स्वागत करते हुए होली पर्व की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। इसके पश्चात पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं एवं कन्याओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी दर्शकों ने खूब सराहना की।
राधा-कृष्ण के जीवन पर आधारित प्रस्तुति ने सभी को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया, वहीं सैनिक के जीवन पर आधारित भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति ने देश की रक्षा में समर्पित जवानों के त्याग, साहस और देशभक्ति को रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान मंडल की सभी पूर्वाध्यक्षाओं का सम्मान भी किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु देरासरिया, कार्यकारिणी सदस्य राखी बैद एवं पूर्णिमा गादिया सहित स्थानीय परामर्शक, पूर्वाध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकारिणी समिति सदस्य एवं मंडल की अनेक सदस्याएं उल्लेखनीय संख्या में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की सफलता में सभी संयोजिकाओं का विशेष योगदान रहा। इस आयोजन के प्रायोजक राजुल चौरडिया एवं समता बैंगानी रहे। अंत में मंत्री बिंदु भंसाली ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।




