सिन्धी मेन्स प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में भव्य आयोजन

सूरत। शहर के पीपलोद स्थित प्रसिद्ध लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में सूरत सिन्धी समाज के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिन्धी मेन्स प्रीमियर लीग (SMPL) क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल महोत्सव में समाज के खिलाड़ियों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बनता था।
सिन्धी समाज के अग्रणी पवन हासीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट में सूरत शहर की सिन्धी समाज की कुल 12 पुरुष टीमों तथा 2 महिला टीमों ने भाग लेकर खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबलों के बाद ‘एनबी मेजेस्टीक क्वीन’ टीम ने विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि ‘जीडी ग्लोबल धुरंधर्स’ टीम उपविजेता रही। वहीं पुरुष वर्ग में कड़े मुकाबले के बाद ‘13 चैलेंजर्स’ टीम विजेता बनी तथा ‘आशीर्वाद एवेंजर्स’ टीम रनर-अप घोषित हुई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सूरत महानगर पालिका के पूर्व स्टेंडिंग कमिटी चेयरमैन श्री अनिल गोपलाणी तथा पूज्य सूरत सिन्धी पंचायत के अध्यक्ष एडवोकेट श्री वासुदेव गोपलाणी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर रामनगर सिन्धी समाज एवं सूरत सिन्धी समाज के अनेक अग्रणीजन भी उपस्थित रहे। SMPL आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
टूर्नामेंट ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और खेल संस्कृति को भी मजबूत करने का संदेश दिया।




