
सूरत।सूरत शहर के कपड़ा बाजार में व्यापारियों के फरार होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में सचिन होजीवाला एस्टेट के एक वीवर से कपड़ा व्यापारी और दलाल द्वारा 5.75 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
अलथाण कैनाल रोड स्थित तिरुपति श्याम विला में रहने वाले मनीष रामभाई पटेल सचिन होजीवाला एस्टेट में ग्रे कपड़े का उत्पादन करते हैं। अगस्त 2025 में राकेश पालीवाल नामक दलाल ने उनसे संपर्क कर बड़ी पार्टियों के साथ व्यापार कराने का भरोसा दिलाया। उसने उन्हें पुणा कुंभारीया रोड स्थित कुबेरजी मार्केट के शिवकृपा सिल्क मिल के मालिक वसंत लल्लुभाई पटेल से काम करने के लिए प्रेरित किया।
दलाल राकेश के ऑर्डर पर वीवर मनीष पटेल ने सितंबर 2025 में दो अलग-अलग बिलों के जरिए कुल 5,75,245 रुपये कीमत का टिश्यू गोल्ड क्वालिटी का ग्रे कपड़ा भेज दिया। सौदे के अनुसार 25 दिनों में भुगतान करने की शर्त तय हुई थी।
समय सीमा पूरी होने पर जब मनीष पटेल ने भुगतान की मांग की, तो व्यापारी और दलाल दोनों टालमटोल करते रहे। इसके बाद दोनों ने अपनी दुकान और मोबाइल फोन बंद कर दिए और रातों-रात फरार हो गए।
इस ठगी के मामले में वीवर ने सचिन पुलिस थाने में व्यापारी वसंत पटेल और दलाल राकेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है



