सूरत सिटी

मुल्ताई से आए माँ तापी के पदयात्रियों का जीण संघ ने किया भव्य स्वागत

सूरत। सूर्य पुत्री तापी नदी के उद्गम स्थल मुल्ताई से पैदल चलकर सूरत पहुँचे माँ तापी के पदयात्रियों का श्री अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ सूरत द्वारा भावभीने एवं भव्य रूप से स्वागत-अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम संयोजक राम निवास जी रामावत ने जानकारी देते हुए बताया कि माँ तापी सम्पूर्ण पदयात्रा समिति, मुल्ताई के राजू पाटनकर जी के नेतृत्व में 76 पदयात्रियों का दल मध्यप्रदेश के मुल्ताई से लगभग 885 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए सूरत के रामानी फार्म हाउस, एयरपोर्ट रोड पहुँचा। उल्लेखनीय है कि यह पदयात्रा पूर्ण होने पर लगभग 1800 किलोमीटर की तापी परिक्रमा संपन्न होगी।
सूरत आगमन पर सभी पदयात्रियों का ढोल-नगाड़ों, पुष्पवृष्टि, कुंकुम-चावल से तिलक तथा दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। भीषण ठंड को देखते हुए सभी पदयात्रियों को शीतल गन्ने का रस पिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
संघ के दिलीप पटेल ने बताया कि ठंड और कठिन पदयात्रा को ध्यान में रखते हुए जीण संघ की ओर से प्रत्येक पदयात्री को विशेष कंबल भेंट किया गया, साथ ही यात्रा के दौरान होने वाले शारीरिक दर्द एवं मोच से राहत हेतु दर्द निवारक क्रीम भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि सांवरमल जी बिहानी एवं हितेश रामाणी उपस्थित रहे। तत्पश्चात सभी पदयात्रियों को अल्पाहार किट भेंट की गई, जिसमें चाय, वेफर्स, चिक्की एवं पानी की बोतल शामिल रही।
ढोल की थाप पर पदयात्रियों एवं जीण संघ के सदस्यों द्वारा लगाए गए
“जय जय तापी… जय महा तापी”
के जयकारों और तापी संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुजन भावविभोर होकर झूम उठे।
उल्लेखनीय है कि विगत सात वर्षों से श्री अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ सूरत को माँ तापी परिक्रमा के इन पदयात्रियों के स्वागत-सत्कार का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अश्विनी गर्ग, दिलीप पटेल, राकेश काबरा, गोविंद जिंदल, नंदू मोहता, बद्री प्रसाद वैष्णव, राजेंद्र राजपुरोहित, रघुनंदन खंडेलवाल, राजेश काबरा, अभिषेक जिंदल सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button