27 फरवरी को निकलेगी श्री सांवरिया सेवा संघ की 15वीं विशाल निशान पदयात्रा

सूरत। श्री सांवरिया सेवा संघ द्वारा 27 फरवरी को 15वीं विशाल निशान पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजनकर्ताओं के अनुसार यात्रा सुबह 8 बजे सिटीलाइट स्थित सूर्यप्रकाश सोसायटी (अग्रसेन गार्डन के पास) से निशान पूजन के साथ प्रारंभ होगी।
यात्रा में लगभग 1,500 निशानों के साथ 2,000 से अधिक श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए शामिल होंगे। यात्रा के दौरान कई लाइव बैंड की धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आएंगे, वहीं अलग-अलग बग्घियों पर बाबा श्याम और अन्य देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विशेष रूप से जीवंत झांकी के रूप में हनुमानजी यात्रा के साथ-साथ चलेंगे।
अणुव्रत द्वार सहित पूरे मार्ग में जगह-जगह जलपान और पुष्पवर्षा कर भक्तों का स्वागत किया जाएगा। यह पदयात्रा श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी, जहां सभी श्रद्धालु बाबा को निशान अर्पित करेंगे।
इस वर्ष यात्रा के मुख्य यजमान सूर्यप्रकाश सोसायटी परिवार हैं। संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता यात्रा की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं।



