
सूरत। उधना पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ की गई बड़ी वित्तीय ठगी और गंभीर धमकी का मामला उजागर हुआ है। आशिर्वाद होम्स, अलथाण निवासी कीर्तिभाई बाबूभाई पटेल (उम्र 45) द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, कपड़ा दलाल हितेषभाई कालुभाई डुंगराणी और महाकाली एंटरप्राइज के प्रोप्राइटर सुमीरकुमार अशोकभाई पटेल ने मिलकर योजना बद्ध तरीके से शिकायतकर्ता का विश्वास जीता और अपने व्यापार को बड़े पैमाने का बताते हुए ग्रे कपड़े की उधारी लेना शुरू की। शिकायत में कहा गया है कि दोनों आरोपियों ने 14 मई 2024 से 5 जुलाई 2024 के दौरान कुल 42,27,409 रुपये का माल उधारी में लिया, लेकिन लंबे समय तक भुगतान नहीं किया।
जब व्यापारी ने बार-बार बकाया राशि की मांग की, तब आरोपी सुमीरकुमार ने कथित रूप से उन्हें धमकी दी कि, “ऑफिस पर दोबारा पैसे लेने मत आना, नहीं तो हाथ-पैर तोड़ देंगे। हमने कई लोगों के साथ ऐसा किया है, तुम्हारे साथ भी कर देंगे।” इस धमकी के बाद व्यापारी ने मामले को गंभीर मानते हुए उधना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस 202 की धारा 318(4), 316(5), 351(3), 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच पीएसआई एच.ज़ेड. पटेल द्वारा की जा रही है।व्यापार क्षेत्र में धोखाधड़ी के साथ-साथ कारोबारी को दी गई जान से मारने की धमकी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



